रांची : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री माहेक चौधरी ने देशवासियों एवं अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं देते हुए योग को भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि योग ने न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की नई राह दिखाई है।
माहेक चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों के कारण योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। आज संयुक्त राष्ट्र की मान्यता के बाद अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दुनिया के विभिन्न देशों में बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है कि हजारों वर्ष पुरानी भारतीय परंपरा आज विश्वभर में लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और स्वस्थ जीवन का माध्यम है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और व्यस्त जीवनशैली के बीच योग की उपयोगिता और भी बढ़ गई है।
माहेक चौधरी ने अपने भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा करते हुए कहा कि वह आने वाले समय में राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाना चाहती हैं। उनका मानना है कि युवाओं की ऊर्जा और विचारों को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके विकास कार्यों से वह प्रेरित हैं तथा उनके पदचिह्नों पर चलते हुए देश और समाज के लिए कार्य करना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि उनका सपना युवाओं की आवाज को मजबूत करना और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इसके लिए वह सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय योगदान देना चाहती हैं।
अंत में माहेक चौधरी ने देशवासियों तथा दुनिया भर में रह रहे भारतीय मूल के लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से अपील की कि योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ, खुशहाल एवं सकारात्मक जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।

