रांची। हटिया के समाजसेवी अभिजीत हालदार ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनके साथ हटिया के सुब्रोतो भट्टाचार्य ने भी कांग्रेस का दामन थामा। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
अभिजीत हालदार और सुब्रोतो भट्टाचार्य को कांग्रेस परिवार में शामिल कराने के अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, महानगर प्रभारी धर्मराज कुजू, महानगर अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा और प्रदेश महासचिव अजय नाथ शाहदेव उपस्थित रहे। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन महानगर महासचिव सह प्रवक्ता इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में किया गया।
कांग्रेस ने अभिजीत हालदार को जिला सचिव, जबकि सुब्रोतो भट्टाचार्य को हटिया प्रखंड महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। इस मौके पर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। साथ ही उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि समाज में सक्रिय और समर्पित लोगों के पार्टी से जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि अभिजीत हालदार और सुब्रोतो भट्टाचार्य के अनुभव तथा जनसेवा की भावना से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि दोनों नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन को विस्तार देने और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

