Ranchi: राजधानी रांची के आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए बुधवार को जिले के सभी थानों और ओपी में विशेष जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम के तहत SSP राकेश रंजन खुद सुखदेवनगर थाना में आकर आम लोगों की समस्या को सुनेंगे और उसका समाधान करेंगे. इसके अलावा पुलिस के आला अधिकारी खुद थानों में मौजूद रहकर आम जनता से सीधे मुखातिब होंगे और उनकी शिकायतें सुनेंगे.
शिकायतों के निपटारे के लिए रांची पुलिस ने सभी वरीय अधिकारियों की थानावार प्रतिनियुक्ति की है. इसके तहत रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक सुखदेवनगर थाना में मौजूद रहेंगे. वहीं, सिटी SP पारस राणा चुटिया थाना में, ट्रैफिक SP राकेश सिंह सदर थाना में और ग्रामीण SP गौरव गोस्वामी नगड़ी थाना में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जनता की शिकायतें सुनेंगे. इसके अतिरिक्त, कोतवाली ASP निखिल राय सुखदेवनगर थाना में रहेंगे. विभिन्न DSP (पुलिस उपाधीक्षक) स्तर के अधिकारियों को भी लालपुर, रातू, कांके, नामकुम, गोन्दा, धुर्वा, जगन्नाथपुर, दशमफॉल, सोनाहातू और साइबर थाने जैसी जगहों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच अलग-अलग समय पर तैनात किया गया है.

