राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में अब धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
हालांकि, सुबह के समय धुंध और कुहासा रहने तथा रात में तापमान गिरने से ठंड का एहसास बढ़ेगा। ठंड का असर हालांकि महसूस होने लगा है। रांची में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है
वहीं, अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 22 और 23 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री तक पहुंच सकता है।
इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, 24 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और 25 अक्टूबर को 17 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान सुबह में धुंध और कुहासा छाए रहने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।
दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी झारखंड में भी मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 26 अक्टूबर को भी सुबह धुंध और कुहासा रहने की संभावना है।
वहीं, 27 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। रांची और आसपास के इलाकों में 27 अक्टूबर को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि मौसम शुष्क रह सकता है।

