रांची: झारखंड के गुमला और देवघर जिलों में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. पहली घटना गुमला के नागफनी टोल प्लाजा के पास हुई जहां कार ने बाइक को टक्कर मार दी. वहीं दूसरी घटना देवघर के जसीडीह में घटी. जहां एक बेकाबू बस ने बाइक सवार को रौंद दिया. इन दोनों हादसों के बाद प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है.
गुमला में कार की टक्कर से युवक की मौत
गुमला में रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर नागफनी टोल प्लाजा के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ. यहां एक अनियंत्रित अज्ञात कार ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए.
दो घायलों का सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतक युवक की पहचान खरा भगवा टोली निवासी सुरजीत उरांव (18 वर्ष) के रूप में हुई है. घायलों में उसी गांव के गौतम उरांव और नितेश उरांव शामिल हैं. तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर सिसई घूमने गए थे और लौटते समय अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी.
देवघर में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को घसीटा
उधर देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में भी एक खौफनाक हादसा सामने आया. सगदाहा पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार 42 वर्षीय बनारसी वर्मा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बस चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और बाइक को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा इस भीषण हादसे में सगदाहा गांव निवासी बनारसी वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

