झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से तीन ग्रामीण बह गए। इनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक महिला अब भी लापता है। पुलिस और ग्रामीण महिला की तलाश में जुटे हैं। घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव की है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे तीनों ग्रामीण गांव में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नदी की तेज धार की चपेट में आने से तीनों बह गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने नदी के आसपास खोजबीन शुरू की। रविवार देर रात तलाश के दौरान एक महिला का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी की झाड़ियों में फंसा मिला। शव की पहचान ग्रामीण मुंडा रोया सिद्धू की मां के रूप में हुई। इसके बाद छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ तलाश अभियान शुरू किया। सोमवार सुबह संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान बोसेन सिद्धू का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया

