सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड में मेस शुल्क में बढ़ोतरी को ले रविवार को छात्रों और सीयूजे प्रबंधन के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। शुल्क बढ़ाए जाने से आक्रोशित छात्रों ने सीयूजे के मुख्य गेट के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि मेस के लिए पहले जो शुल्क निर्धारित था, उसी राशि के तहत भोजन उपलब्ध कराया जाए। निर्धारित राशि से अधिक शुल्क देने से छात्रों ने साफतौर पर इनकार कर दिया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद सीयूजे प्रशासन ने डाॅ. अनुराग लिंडा के नेतृत्व में छात्रों से बातचीत की।
बताया गया कि पहले मेस संचालन के लिए जिस एजेंसी को जिम्मेदारी दी गई थी, उसके द्वारा मेस शुल्क कम निर्धारित किया गया था। अब नई एजेंसी के आने के बाद मेस शुल्क में बढ़ोतरी किए जाने को ले विवाद सामने आया है।
छात्रों की मांग थी कि पहले से तय शुल्क के अनुसार ही उन्हें भोजन उपलब्ध कराया जाए और उनसे अतिरिक्त राशि न ली जाए। छात्रों के धरने की सूचना के बाद डीएसडब्ल्यू ने मामले में पहल करते हुए छात्रों से बातचीत की। सीयूजे प्रशासन और छात्रों के बीच हुई बातचीत के बाद मामले का समाधान कर लिया गया।

