झारखंड में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. राज्य में अब तक 41 मरीज स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं. इनमें 38 मरीज रांची के और 3 मरीज जमशेदपुर के हैं. रांची में मिले संक्रमित मरीजों में 20 बच्चे भी शामिल हैं. वहीं रांची की एक निजी लैब में भी कुछ नए मामलों की पुष्टि हुई है. इनमें एक बच्चा भी है.
रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में चार संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है. रांची में मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद अस्पतालों में भी सावधानी बढ़ा दी गई है. रिम्स की ओपीडी और टीबी एंड चेस्ट विभाग के बाहर कई मरीज और उनके परिजन मास्क लगाकर पहुंच रहे हैं. बच्चों और बुजुर्गों को भी परिजन मास्क पहनाकर अस्पताल ला रहे हैं.

