राजधानी रांची के लालपुर स्थित हरिओम टावर में नगर निगम की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। नगर निगम के अनुसार, इन संस्थानों में जरूरी दस्तावेजों की कमी पाई गई थी। साथ ही, फायर सेफ्टी विभाग की ओर से जारी NOC भी उपलब्ध नहीं थी।
बताया गया कि नगर निगम की ओर से संबंधित कोचिंग संस्थानों को पहले ही नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा संबंधी मंजूरी पूरी नहीं होने पर नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए संस्थानों को सील कर दिया।
छात्रों की सुरक्षा को लेकर जांच अभियान
नगर निगम की ओर से शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था, NOC और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
नगर निगम का कहना है कि कोचिंग संस्थानों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को देखते हुए संस्थानों में सभी जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन होना बेहद जरूरी है।
जांच के दौरान जिन संस्थानों में दस्तावेजों की कमी मिल रही है, उन्हें पहले नोटिस दिया जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेज पूरे नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ सीलिंग समेत अन्य कार्रवाई की जा रही है

