रांची। छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज, 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस बंद की घोषणा की थी। इसका असर राजधानी रांची के कई हिस्सों में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।
सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता और बंद समर्थक अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जगहों पर टायर जलाकर नाराजगी जताई गई, जबकि कुछ स्थानों पर सड़क जाम कर यातायात को बाधित किया गया।
हरमू चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन
रांची के हरमू चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बंद समर्थकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की।
इसी तरह कांके रोड स्थित CMPDI गेट के पास भी प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
न्यूक्लियस मॉल के पास भी प्रदर्शन
राजधानी के न्यूक्लियस मॉल के समीप भी बंद समर्थकों ने टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके अलावा शहर के कई अन्य हिस्सों में भी भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतरकर बंद को सफल बनाने की कोशिश करते नजर आए।
जेपी मार्केट और धुर्वा बस स्टैंड में दुकानें बंद कराने की कोशिश
बंद समर्थकों ने जेपी मार्केट और धुर्वा बस स्टैंड क्षेत्र में दुकानदारों से दुकानें बंद रखने की अपील की। इस दौरान कई दुकानों को बंद भी कराया गया।
वहीं अरगोड़ा चौक पर प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए, जिससे कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
शालीमार बाजार में भी दिखा बंद का असर
रांची के सेक्टर-3 में लगने वाले साप्ताहिक शालीमार बाजार में भी बंद का असर देखने को मिला। सामान्य दिनों की तुलना में बाहर से आने वाले दुकानदारों की संख्या कम रही, जिससे बाजार की रौनक प्रभावित हुई।
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में BJP का बंद
भाजपा का कहना है कि छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के विरोध में यह झारखंड बंद बुलाया गया है। पार्टी ने राज्य सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है।
राजधानी के कई इलाकों में प्रदर्शन के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।

