रामगढ़ जिला के भुरकुंडा ओपी अंतर्गत रिवर साइड भुरकुंडा सेंट्रल स्कूल के जर्जर भवन में सोमवार की अहले सुबह तकरीबन 5 बजे हुए एनकाउंटर में कुख्यात प्रिंस खान गिरोह का शूटर सयाल निवासी शिवराज राम उर्फ शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया।
अपराधी शिवराज राम के दाहिना पैर में गोली लगी है। रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान क्रास फायरिंग क्रास फायरिंग की घटना घटी।
पुलिस को टारगेट कर दो गोली चलाई
पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस ने सयाल से शिवराज राम को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने रिवर साइड सेंट्रल स्कूल में हथियार छुपा कर रखने की बात स्वीकार की।
पुलिस टीम उसे लेकर सीधे सेंट्रल स्कूल पहुंची। जहां छिपाया गया हथियार निकालने के दौरान अपराधी शिवराज राम ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। उसने पुलिस को टारगेट कर दो गोली चलाई।
दाहिना पैर में गोली लगी
पुलिस की जवाबी फायरिंग में शिवराज राम के दाहिना पैर में गोली लगी। इसके बाद उसकी निशानदेही पर दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस दौरान उसने कुजू ओपी क्षेत्र के तोपा हुआग निवासी आरिज आलम के पास हथियार होने की बात बताई।

