प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है, वो 76 साल के हो गए हैं। पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी गुरुवार से अपना विशेष एक महीने का अभियान ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने जा रही है। आज पीएम मोदी का जन्मदिन मनाया जा रहा है, जबकि अक्टूबर में उनकी सार्वजनिक सेवा के 25 साल पूरे हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने के लिए पार्टी एक महीने तक सेवा और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम चला रही है।
पीएम मोदी ने विश्वकर्मा जयंती पर दी देशवासियों को शुभकामनाएं
पीएम मोदी के बर्थडे पर जब पूरा देश उन्हें बधाई दे रहा है, ऐसे में प्रधानमंत्री ने भारतवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दी है। पीएम मोदी ने 17 सितंबर को सुबह-सुबह एक्स अकाउंट पर सबसे पहले पोस्ट में कहा- ‘आप सभी को भगवान विश्वकर्मा जयंती की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’ इसके साथ ही उन्होंने सुभाषितम् भी शेयर किया।
‘देशभर के शिल्पकारों और हुनरमंद साथियों को मेरा विशेष अभिनंदन’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘आप सभी को भगवान विश्वकर्मा जयंती की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। देवशिल्पी से जुड़े इस दिव्य अवसर पर निर्माण कार्यों में जुटे देशभर के शिल्पकारों और हुनरमंद साथियों को मेरा विशेष अभिनंदन। आपका कौशल और परिश्रम विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।’
सुभाषितम् शेयर कर कह दी बड़ी बात
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, ‘राष्ट्र के नवनिर्माण की दिशा में आपके प्रयासों को हरसंभव प्रोत्साहन मिलता रहे, इसके लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।’ पीएम मोदी ने इस पोस्ट के साथ ही सुभाषितम् भी शेयर किया। उन्होंने लिखा- ‘अनादिरप्रमेयश्च अरूपश्च जयाजयः। लोकरूपो जगन्नाथः विश्वकर्मन्नमो नमः॥’
भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर केंद्रीय मंत्रियों ने दी शुभकामनाएं
भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। ओम बिरला ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा भारतीय ज्ञान, निर्माण-कला और तकनीकी कौशल की समृद्ध परंपरा के प्रतीक हैं।

