राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के निरंतर प्रयासों और हस्तक्षेप के बाद आखिरकार पुरी-बादामपहाड़ के बीच सीधी ट्रेन चलाने का सपना साकार होने जा रहा है।
रेल मंत्रालय ने 18411/18412 पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस को मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र संख्या CC-208/2026 और 2026/CHG/16/WCR/41-PT में इसकी पुष्टि की गई है।
राष्ट्रपति बनने के बाद से ही द्रौपदी मुर्मु अपने गृह क्षेत्र मयूरभंज में रेल संपर्क को बेहतर बनाने पर विशेष जोर देती रही हैं।
इस सिलसिले में उन्होंने कई बार रेल मंत्री से मुलाकात कर पूर्व तट रेलवे की ओर से 10 जुलाई 2026 को दिए गए प्रस्ताव पर तेजी से कार्रवाई करने का आग्रह किया था।
आखिरकार उनके प्रयास सफल हुए और पुरी से बादामपहाड़ के बीच सीधी ट्रेन चलाने का मार्ग प्रशस्त हो गया।
नई ट्रेन की खासियत
प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार, पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस पुरी से रात 11:45 बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन दोपहर 12:53 बजे रायरंगपुर पहुंचेगी और दोपहर 1:45 बजे बादामपहाड़ पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन बादामपहाड़ से शाम चार बजे रवाना होगी। यह शाम 4:25 बजे रायरंगपुर पहुंचेगी और टाटानगर तथा केन्दुझर होते हुए अगले दिन सुबह छह बजे पुरी पहुंचेगी। ट्रेन का परिचालन प्रतिदिन किया जाएगा।
इस ट्रेन का ठहराव रायरंगपुर, बादामपहाड़, अंलाजोड़ी, टाटानगर, भुवनेश्वर और कटक सहित कुल 19 स्टेशनों पर होगा। ट्रेन में नौ कोच वाली एलएचबी रैक का इस्तेमाल किया जाएगा।
परिचालन की तारीख
रेलवे बोर्ड की जानकारी के अनुसार, जल्द ही सुविधाजनक तिथि तय कर ट्रेन का नियमित परिचालन शुरू किया जाएगा। ट्रेन के उद्घाटन के लिए विशेष उद्घाटन सेवा भी चलाई जाएगी।

