लातेहार सदर थाना क्षेत्र के परसही गांव में 16 वर्षीय स्कूली छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान परसही गांव निवासी विकास पासवान के रूप में हुई है। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, छात्र को दो युवकों ने लातेहार जिला मुख्यालय स्थित मिशन चौक के पास से कथित तौर पर अगवा कर लिया था।
बताया जा रहा है कि छात्र को एनएच के पास स्थित पतकी जंगल की ओर ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। प्रारंभिक जानकारी में छात्र को गोली मारे जाने की बात सामने आई थी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में आरोपियों ने उसे सड़क किनारे छोड़ दिया और फरार हो गए।
सड़क किनारे घायल मिला छात्र
घायल छात्र को सड़क से गुजर रहे लोगों ने देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल उसे लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया।
हालांकि, रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही छात्र की मौत हो गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर नुकीले हथियार से गंभीर चोट लगने की बात भी सामने आई है।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की तफ्तीश जारी है।

