रांचीः झारखंड में मानसून की रफ्तार अभी थमी नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला-बदला रहेगा. 7 सितंबर तक पूरे राज्य में आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं. इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है. हालांकि, अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.
8 से 10 सितंबर तक तेज हवा और वज्रपात का खतरा
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 8 सितंबर को राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके बाद 9 और 10 सितंबर को भी यही स्थिति बनी रहेगी.
विभाग ने विशेष चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 5, 6 और 7 सितंबर को कहीं-कहीं गरज और वज्रपात (ठनका) हो सकता है. वहीं 8, 9 और 10 सितंबर को गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है.
शहरों के तापमान और बारिश का हाल
पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है. डालटनगंज में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और बहरागोड़ा में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
हाल के घंटों में रांची में 0.2 मिमी और सरायकेला में 0.5 मिमी बारिश दर्ज हुई है. 1 जून से अब तक रांची में 1087.3 मिमी, जमशेदपुर में 993.3 मिमी और डालटनगंज में 1015.4 मिमी कुल बारिश दर्ज की जा चुकी है.
मौसम खराब रहने पर लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.

