रांची: झारखंड की राजधानी रांची और जमशेदपुर में नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। एनसीबी की टीम ने छापेमारी कर पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से कोकीन, एमडीएमए और गांजा बरामद हुआ है। जांच में खुलासा हुआ है कि नेटवर्क का मास्टरमाइंड थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रांची के होटलों और नाइट पार्टियों में सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई करता था। इस बड़ी कार्रवाई के बाद एनसीबी ने रांची के कई फेमस बार और होटल संचालकों पर शिकंजा कसते हुए उन्हें पूछताछ के लिए समन जारी किया है।
विदेशी नंबरों और मास्टरमाइंड का अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन
एनसीबी की पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड रजत जैन थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों के जरिए नेटवर्क का संचालन करता था। जांच एजेंसी अब यह पता लगा रही है कि इन विदेशी नंबरों के जरिए ड्रग्स की आपूर्ति कहां से की जा रही थी। गिरोह के तार रांची, जमशेदपुर के अलावा दिल्ली, मुंबई और राजस्थान तक फैले हुए हैं।
रांची स्टेशन रोड पर घेराबंदी में 5 आरोपियों की गिरफ्तारी
14 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर एनसीबी ने रांची रेलवे स्टेशन रोड पर एक कार को रोककर रजत जैन और उदित कुमार को पकड़ा, जिनके पास से 18 ग्राम कोकीन और 15 ग्राम एमडीएमए मिला। इनकी निशानदेही पर आकाश मल्होत्रा, बोड़ैया से स्नेहा पासवान और 15 अक्टूबर को जमशेदपुर के जुगसलाई से मिलन सिंह को गिरफ्तार किया गया।
होटल-बार संचालकों पर शिकंजा, 26 अक्टूबर को समन
तस्करों ने स्वीकार किया है कि वे रांची के कई होटलों और बार में होने वाली पार्टियों में कोकीन और सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई करते थे। इसके आधार पर एनसीबी ने मोरहाबादी स्थित कई होटल संचालकों को 26 अक्टूबर को हाजिर होने के लिए समन भेजा है।

