देश की राजधानी दिल्ली में आज सोमवार को INDIA गठबंधन का बड़ा प्रदर्शन होने वाला है. ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर विपक्ष के नेता आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे. इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए देशभर से INDIA गठबंधन के नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है. इधर प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस भी अलर्ट मोड में है. जगह-जगह बैरिकैडिंग की गयी है. साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
इसके अलावा दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक छह मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए हैं. DMRC के मुताबिक, इन स्टेशनों में पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और बाराखंभा रोड शामिल है.
इधर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के सांसदों के आवेदन को अस्वीकार कर दिया है. सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष जिन मुद्दों को उठाना चाहता है, वे पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं. ऐसे में CJI ने इस आवेदन को अस्वीकार किया है. इसके बावजूद कांग्रेस ने लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की है.

