मंगलवार देर रात से शुरू हुई थम थम कर बारिश का दौर अब भी जारी है। सुबह से ही थोड़े-थोड़े अंतराल पर झमाझम बारिश हो रही है। शाम और रात में भी बारिश जारी रही। शनिवार को भी गरज और चमक के साथ बादल बरसेंगे।
इस बीच मौसम विभाग ने लगातार हो रही बारिश के कारण धनबाद समेत झारखंड के 17 जिलों में अचानक आने वाली बाढ़ यानी फ्लश फ्लड के खतरे का अलर्ट जारी किया है। रविवार तक अचानक बाढ़ का खतरा बना रह सकता है। निरंतर बारिश से उफनाई नदियां और जलाशय में बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग से जारी अपडेट के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब कुछ कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है। दक्षिण ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ में बने डिप्रेशन अगले 12 घंटे तक अपनी तीव्रता बनाए रख सकता है।
इसके प्रभाव से शनिवार को भी राज्य के ज्यादातर हिस्से में गर्जन और आंधी के साथ बारिश हो सकती है। कुछ हिस्से में गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवा चलने व भारी बारिश होने की संभावना है।
रविवार से धीरे-धीरे बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना है। हालांकि एक अक्टूबर तक बादल छाए रहने और छिटपुट बारिश की संभावना बनी रहेगी।
इन जिलों में अचानक आने वाली बाढ़ का खतरा
धनबाद, बोकारो, गिरिडीह,, चतरा, कोडरमा, रामगढ़ , रांची, पूर्वी सिंहभूम सरायकेला खरसावां, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पलामू और पश्चिमी सिंहभूम।

