झारखंड छात्र आंदोलन गुरुवार को 20वें दिन भी जारी है। छात्र रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों ने 10 अगस्त को विधानसभा घेराव किया था। इसके बाद 500 प्रदर्शनकारियों पर FIR दर्ज की गई है.
आंदोलन कर रहे छात्र राधे कुमार ने कहा, “प्रदर्शन को 20 दिन हो गए हैं। दो दिन बाद 15 अगस्त है। हम भी स्वतंत्रता दिवस मनाना चाहते हैं। दुर्भाग्य है कि मुख्यमंत्री हमारी मांगें नहीं सुन रहे हैं।”
छात्रों की मांग है कि जब तक JSSC-CGL परीक्षा रद्द नहीं की जाती और मामले की CBI जांच नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। छात्र अब अपनी मांगों को लेकर सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत करना चाहते हैं।
छात्रों का आरोप है कि उनके नेता देवेंद्रनाथ महतो को सरकार ने हिरासत में ले लिया है। उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है और उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी नहीं मिल रही है।

