झारखंड के देवघर जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां अज्ञात हमलावरों ने एक महिला और उसके 12 साल के बेटे की सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हेठ नवाडीह गांव स्थित घर में रात करीब एक से दो बजे के बीच अज्ञात हमलावर घुस आए और रुबेदा बीबी (38) तथा उनके 12 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। घटना के समय बीबी की पुत्रवधू भी घर में मौजूद थी, जबकि उनका बड़ा बेटा काम के सिलसिले में गांव से बाहर गया हुआ था।
मां और मासूम को कुल्हाड़ी और हथौड़े से मार डाला
इस मामले की जानकारी देते हुए देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर ने बताया कि कुछ अज्ञात हमलावरों ने रुबेदा बीबी और उनके 12 साल के बेटे की सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। हमलावरों ने दोनों के चेहरे और गर्दन पर कुल्हाड़ी और हथौड़े से वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

