नई दिल्ली: छात्रों के मुद्दों और हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के निकट लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए छात्रों पर हुए कथित अत्याचारों के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान पुलिस ने नारेबाजी कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के खिलाफ हुई कथित बर्बरता का जवाब मांगने के लिए प्रधानमंत्री आवास तक मार्च किया।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार न तो इस मामले में जवाबदेही लेना चाहती है और न ही संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर सरकार की चुप्पी चिंता का विषय है।

