रांची के धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी क्षेत्र में एक ऑटो चालक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। उसकी पहचान सेक्टर-3 झोपड़ी निवासी सूरज नायक के रूप में हुई। घरवालों ने इल्जाम लगाया कि सूरज ने एक फाइनेंस कंपनी से EMI पर बैट्री ऑटो खरीदा था। कुछ समय से किस्त भुगतान को लेकर रिकवरी एजेंट और मैनेजर उस पर दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि एजेंट घर आकर गाली-गलौज करते थे। धमकी भी देते थे। इससे सूरज तनाव में था।
मृतक की पत्नी सुमन देवी ने बताया कि ऑटो की मासिक किस्त 11,650 रुपये थी। एक किस्त बकाया थी। सोमवार को फोन कर धमकी दी गई थी। इल्जाम है कि लगातार दबाव और प्रताड़ना के कारण सूरज ने यह कदम उठाया। परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग धुर्वा थाना पहुंचे। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सेक्टर-3 मार्केट के पास सड़क जाम कर दिया। वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझाया। प्रशासन ने जांच और सरकारी सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। धुर्वा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

