नई दिल्ली: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रहे अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर फैंस को यह जानकारी दी। 38 साल के रहाणे लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे। 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था। मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले रहाणे ने 2011 में भारत के लिए डेब्यू किया था।
अजिंक्य रहाणे ने वीडियो में क्या कहा?
अजिंक्य रहाणे ने इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो के कैप्शन में लिखा- कैप 278 अब विदा ले रहा है। इतने सालों तक मिले प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। मैं हमेशा आभारी रहूंगा।
वीडियो में अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की शुरुआत होती है और उसका अंत भी। जब सही समय आता है, तो हमें बस उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ना होता है। मैंने अपनी बैटिंग में हमेशा टाइमिंग पर भरोसा किया है और इसके महत्व को समझा है। आज मुझे लगता है कि आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ ही क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा करने का सही समय आ गया है।’
उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों की बात करते हुए कहा- डोंबिवली से प्रैक्टिस के लिए आने-जाने वाले उस छोटे बच्चे के दिनों से लेकर अब तक, मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया है। हर दिन, हर पारी और बैटिंग के हर मौके पर मेरा बस एक ही सपना होता था- इंडिया की कैप पहनना। मैंने हमेशा एक ही नियम मानाः अपने देश और अपनी टीम को हमेशा खुद से ऊपर रखना। मैंने पूरी ईमानदारी से यह खेल खेला है और मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि अगर आपकी नीयत साफ हो, तो खेल हमेशा आपका ख्याल रखता है।’
फस्ट क्लास क्रिकेट डेब्यू को याद करते हुए अज्जू ने कहा- जब से मैंने फर्स्ट क्लास क्रिकेटर के तौर पर डेब्यू किया, तब से इंडियन क्रिकेट ने बहुत तरक्की की है और पिछले 20 सालों में इसका हिस्सा रहने पर मुझे बहुत गर्व है। भले ही एक इंडियन क्रिकेटर के तौर पर मेरा यह अध्याय खत्म हो रहा है, लेकिन इस खेल के साथ मेरा सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। मैं अगली पीढ़ी की मदद करने, इस खेल से सीखे गए मूल्यों को साझा करने और उस खेल को वापस लौटाने के लिए उत्सुक हूं जिसने मुझे सब कुछ दिया है।

