कोडरमाः झारखंड के कोडरमा जिले में एक ही गड्ढे में जमा पानी को इंसान और सूअर पीने के लिए मजबूर है। मरकच्चो प्रखंड स्थित डगरनवां पंचायत अंतर्गत आदिवासी टोला (काली पहाड़ी) की इस तस्वीर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस तस्वीर के सामने आने के बाद कोडरमा डीसी को निर्देश दिया, तो कुछ ही घंटे में प्रशासन की ओर गांव में ट्यूबवेल की व्यवस्था कर दी गई।
काली पहाड़ी के ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित
दरअसल, मरकच्चो प्रखंड स्थित डगरनवां पंचायत के काली पहाड़ी और चटनिया दह में करीब 10 परिवारों के 100 से ज्यादा लोग पिछले कई वर्षों से रह रहे हैं। लेकिन यहां के लोग अब भी मूलभूत सुविधाओं से महरूम हैं। गांव के लोगों को न तो पीने का पानी मिल पाता हैं और ना ही यहां बिजली और सड़क की कोई व्यवस्था हैं । यहां के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी तब हो जाती हैं जब गांव का कोई व्यक्ति बीमार हो जाता हैं।

