कोलेबिरा(सिमडेगा)। प्रखंड क्षेत्र के अघरमा के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों में लोहरदगा निवासी गुलाम मुस्तफा 58 वर्षीय, पत्नी गुलशन परवीन 55 वर्षीय तथा तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। हादसे में परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गुलाम मुस्तफा अपनी बेटियों हिना परवीन और नेहा परवीन तथा उनके बच्चों के साथ लसिया गांव जा रहे थे। बताया गया कि उनकी एक बेटी का ससुराल लसिया में है, जहां उनके दामाद चप्पल-जूते की दुकान चलाते हैं।
मौके पर ही पांच लोगों की मौत
इसी दौरान अघरमा के समीप उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही पांच लोगों की जान चली गई।

