गढ़वा:झारखंड के गढ़वा जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां तालाब में डूबने से दो बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई है. यह घटना नगर उंटारी थाना क्षेत्र के कुंबा गांव की है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
मिली जानकारी के अनुसार पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की बेटी प्रियांशु कुमारी (8 वर्ष) और परमेश्वर राम की बेटी रेशमा कुमारी (10 वर्ष) मंगलवार सुबह करीब 9 बजे घर से बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने गई थीं. शाम तक जब दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई.
इसके बाद रातभर ग्रामीणों और परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इस बीच बुधवार सुबह करीब 6 बजे गांव के कुछ बच्चों की नजर बच्चियों पर पड़ी. बच्चों ने तुरंत लोगों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों की मदद से दोनों बच्चियो के शव तालाब से निकाले गए.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. ग्रामीण अरुण तिवारी ने बताया कि दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने गई थीं. भीषण गर्मी के कारण वे दोनों तालाब में नहाने उतरी. इस दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूब गईं.
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इस तालाब में कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है. घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो सके. वहीं, एसडीपीओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि दो बच्चियों की डूबने से मौत हुई है. मामले में आगे की प्रक्रिया की जा रही है.
