झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार में एक बार फिर कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज हो गई है. मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के असमय निधन के बाद हेमंत कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या 10 से घटकर 9 रह गई है. इससे पहले अगस्त 2025 में घाटशिला से विधायक और तत्कालीन शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद भी कैबिनेट में एक पद खाली हुआ था. अब सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से सरकार के सामने मंत्रिमंडल में रिक्त पद भरने की चुनौती खड़ी हो गई है.
हेमंत कैबिनेट में दो पद रिक्त
संवैधानिक प्रावधान के तहत झारखंड में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 12 सदस्यीय मंत्रिपरिषद हो सकती है. सीएम के अलावा अधिकतम 11 मंत्री बनाए जा सकते हैं. मौजूदा स्थिति में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा 9 मंत्री हैं, ऐसे में सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद एक और मंत्री को शामिल करने की गुंजाइश बरकरार है.
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस रिक्त पद को कैसे भरेंगे? क्या दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के परिवार को राजनीतिक जिम्मेदारी देकर मधुपुर और डुमरी का पुराना फॉर्मूला दोहराया जाएगा या पार्टी किसी नए चेहरे पर दांव लगाएगी?
सुदिव्य की पत्नी को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी!
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उनकी पत्नी श्वेता शर्मा को लेकर हो रही है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुदिव्य और सोरेन परिवार के बीच बेहद करीबी राजनीतिक संबंध रहे हैं. ऐसे में परिवार के किसी सदस्य को राजनीतिक जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
वरिष्ठ पत्रकार चंदन मिश्र के मुताबिक, सुदिव्य कुमार सोनू के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बेहद अच्छे संबंध थे. इसके अलावा गिरिडीह सीट झामुमो के लिए खास है. इसी गिरिडीह जिले की गांडेय विधानसभा सीट से कल्पना सोरेन विधायक हैं.
हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद जब गांडेय विधानसभा उपचुनाव में कल्पना सोरेन मैदान में उतरी थीं, उस समय सुदिव्य कुमार सोनू ने उनके चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी. ऐसे में सुदिव्य की पत्नी को जिम्मेदारी देने का फैसला राजनीतिक और भावनात्मक, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा सकता है. श्वेता शर्मा पढ़ी-लिखी हैं. हालांकि वे अब तक सक्रिय राजनीति में नहीं रही हैं और गृहिणी के तौर पर परिवार की जिम्मेदारी संभालती रही हैं. बावजूद इसके, राजनीतिक परिस्थितियां उन्हें सीधे राजनीति के मैदान में ला सकती हैं.

