राँची। राजधानी में साइबर ठगों ने एक बार फिर डिजिटल अरेस्ट की वारदात को अंजाम दिया है। अपराधियों ने एक दंपती से 3.40 लाख की ठगी कर ली। इस मामले में राँची के साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
साइबर अपराधियों ने खुद को एटीएस का अधिकारी बताकर एक दंपती को डराया और उन्हें डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी दी। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर दंपती से करीब 3.40 लाख रुपये ठग लिए गए। अतुल कुमार ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
एफआईआर के अनुसार ठगों ने दंपती को यह भी बताया कि उनका मोबाइल नंबर दिल्ली में हुए एक बम ब्लास्ट से जुड़े संदिग्ध डॉक्टर के संपर्क में मिला है। इस तरह की बातें कहकर उन्हें लगातार मानसिक दबाव में रखा गया। वीडियो कॉल के दौरान कई लोग पुलिस की वर्दी में नजर आए, जिससे दंपती को लगा कि वे वास्तव में किसी सरकारी जांच का सामना कर रहे हैं।

