जमशेदपुर के बहुचर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सीटी एसपी ललित मिना ने कहा की आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बिरसानगर थाना क्षेत्र से धर दबोचा. 8 जुलाई की शाम मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की डंडे, पत्थर और लकड़ी से हमला करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड में इससे पहले साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ सिदगोड़ा और मानगो थाना में पहले से हत्या, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं.

