जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से बुधवार (24 जून 2026) की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। सिंबली इलाके में सुकराला माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक मिनीबस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 25 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ड्राइवर ने खोया नियंत्रण, हुआ हादसा
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मिनीबस सुकराला माता मंदिर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिंबली क्षेत्र में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। सड़क संकरी और ढलान वाली होने के कारण बस सीधे खाई में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
अधिकारियों के अनुसार मिनी बस में सवार होकर सभी लोग सांबा से सुकराला माता मंदिर जा रहे थी, तभी सिंबली में ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और बस खाई में लुढ़क गई, जिसकी वजह से इतना बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में घायल हुए यात्रियों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने आगे बताया कि बचाव अभियान पुलिस, सिविल प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर चलाया, जो हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों की हालत पर डॉक्टर बारीकी से नजर रख रहे हैं।

