सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा-2015 के तहत कुल 99 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता जांच के लिए योग्य पाए गए। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने न्यायालय द्वारा तीन जून तथा 28 जुलाई को पारित आदेश के अनुपालन में अभ्यर्थियों के अभिलेखों की समीक्षा की।
इसमें लिखित परीक्षा में सफल 99 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता जांच के लिए योग्य पाया गया। साथ ही 82 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में असफल पाया गया। ये शारीरिक दक्षता जांच के लिए अयोग्य पाए गए हैं। आयोग ने दोनों श्रेणी के अभ्यर्थियों का क्रमांक प्रकाशित कर दिया है।
आयोग ने कहा है कि शारीरिक दक्षता जांच प्रक्रिया से संबंधित समस्त आगामी सूचनाएं केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होगी। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है.
यह भी स्पष्ट किया है कि यह सूचना सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रारंभिक अभिलेखीय समीक्षा के आधार पर जारी की जा रही है। अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत अभिलेखों/साक्ष्यों के परीक्षण के बाद आयोग का निर्णय अंतिम होगा।

