रांची :झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, CID की टीम ने उन्हें उनके आवास से ही गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी से पहले जांच एजेंसी उनसे कई दौर की पूछताछ कर चुकी थी.
लगातार हुई पूछताछ
आपको बता दें कि एल खियांग्ते अपने इस्तीफे के बाद से ही लगातार सीआईडी के रडार पर थे. खियांग्ते से 28 जुलाई से लगातार परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की गई थी. इस दौरान परीक्षा के संचालन, प्रश्नपत्र एवं परीक्षा प्रक्रिया, आउटसोर्स एजेंसी के चयन और आयोग के स्तर पर लिए गए निर्णयों को लेकर CID ने सवाल किए थे. पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारियों और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर अब एजेंसी ने उनकी गिरफ्तारी की है.
