19 जून का मौसम: झारखंड के लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रांची, संताल और कोल्हान समेत राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान तेज आंधी के साथ हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव से राज्य में दस्तक दे चुके, लेकिन वर्तमान में कमजोर पड़े मानसून को आगे बढ़ने में काफी मदद मिलेगी। आसमान में बादल छाने के कारण पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, गुरुवार को रांची समेत अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही और तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।
झारखंड में बारिश के अनुकूल स्थिति
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड से आंध्र प्रदेश के तटवर्ती भागों तक एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, विदर्भ और तमिलनाडु से गुजर रहा है। वहीं, मानसून का ट्रफ पूर्ववत स्थिति में है। यह ट्रफ रेखा हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है, जिससे राज्य में बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
अगले दो दिनों में रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा और हजारीबाग जिलों में अधिकतम 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। तापमान की बात करें तो मेदिनीनगर (पलामू) 42.0 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। इसके अलावा बोकारो में 38.1 डिग्री, चाईबासा में 36.8 डिग्री, जमशेदपुर में 36.6 डिग्री और राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री व न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

