बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर आगे चल रहे हैं. इस सीट पर बीजेपी के नीरज कुमार दूसरे नंबर पर हैं.
चुनाव आयोग के मुताबिक़ बांकीपुर सीट पर कुल 31 राउंड की काउंटिंग होनी है. तेरह राउंड की गिनती के बाद भी प्रशांत किशोर लगातार अपनी बढ़त बनाए हुए हैं.
प्रशांत किशोर को 26,113 वोट मिले हैं और वो फ़िलहाल 7119 वोटों से आगे हैं. जबकि बीजेपी के नीरज कुमार को क़रीब 18,994 वोट मिले हैं. यहां आरजेडी की रेखा कुमारी तीसरे नंबर पर हैं.
बांकीपुर सीट पटना के शहरी इलाक़े में मौजूद है और इसे बीजेपी का मज़बूत गढ़ माना जाता है. इस सीट से बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन विधायक थे.
वहीं मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी के आशुतोष तिवारी पीछे चल रहे हैं, जबकि गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी के ही सतेंद्रभाई पटेल आगे चल रहे हैं.
दतिया सीट पर कुल 15 राउंड की गिनती होनी है. यहां छह राउंड के बाद बीजेपी के आशुतोष तिवारी 1786 वोटों पीछे हैं. इस सीट पर कांग्रेस के घनश्याम सिंह आगे चल रहे हैं.
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी के ही सतेंद्रभाई पटेल उर्फ़ सतीष पटेल आगे चल रहे हैं. यहां कुल 19 राउंड की गिनती होनी है. 16 राउंड की गिनती के बाद उन्हें कांग्रेस के भीखाभाई रबारी से क़रीब 26 हज़ार वोट ज़्यादा मिले हैं.
आमतौर पर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बहुत ज़्यादा उत्साह नहीं देखा जाता है, लेकिन इस बार बांकीपुर में जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ख़ुद चुनाव मैदान में उतरे और इस वजह से इसके नतीजे पर कई लोगों की नज़र है.
वहीं मध्य प्रदेश की दतिया सीट से नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने की भी खूब चर्चा रही. पार्टी के इस फ़ैसले के बाद उनके समर्थकों में नाराज़गी भी देखी गई थी.
दिल्ली के साथ ही देश के कई इलाक़ों में युवाओं और स्टूडेंट्स के आंदोलन के ठीक बाद इन सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले गए थे. इन उपचुनावों को प्रदर्शनों के असर के नजरिए से भी देखा जा रहा है.

