पटना: गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और कन्फर्म टिकट की मारामारी को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है. उत्तर रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल से पश्चिम बंगाल के दनकुनी के बीच एक नई साप्ताहिक ‘समर स्पेशल’ ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यह ट्रेन विशेष रूप से बिहार और झारखंड के यात्रियों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी, क्योंकि यह इन राज्यों के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी.
मई और जून में कुल 6 फेरे लगाएगी ट्रेन
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन मई और जून 2026 के दौरान कुल 6 ट्रिप लगाएगी. ट्रेन संख्या 03009 (दनकुनी-आनंद विहार टर्मिनल) हर शनिवार को संचालित होगी. इसकी सेवाएं 16 व 30 मई और जून महीने की 6, 13, 20 और 27 तारीख को उपलब्ध रहेंगी. वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 03010 (आनंद विहार टर्मिनल-दनकुनी) हर रविवार को 17 व 31 मई और जून की 7, 14, 21 व 28 तारीख को चलाई जाएगी.
प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन पश्चिम बंगाल से चलकर झारखंड और बिहार के रास्ते दिल्ली पहुंचेगी. रास्ते में इसके प्रमुख ठहराव बर्द्धमान, आसनसोल, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, गया, डेहरी ऑन सोन और सासाराम जैसे स्टेशनों पर दिए गए हैं. इसके अलावा यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, गोविंदपुरी, इटावा और टूंडला स्टेशनों पर भी रुकेगी. इन स्टेशनों पर ठहराव मिलने से स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल गया है

