राजधानी रांची के सबसे वीआईपी इलाकों में शुमार अशोक नगर में भी अब चोर दाखिल होने लगे हैं. चोर को पकड़ने के दौरान रांची के चर्चित बिल्डर निशित केसरी के बॉडीगार्ड से मिसफायर हो गया, जिससे उन्हें गोली लग गई. घायल बॉडीगार्ड को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया. पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है. वहीं, चोरों ने अशोक नगर स्थित एक घर से लाखों के गहने उड़ा लिए.
क्या है पूरा मामला
राजधानी रांची के सबसे सुरक्षित और पॉश इलाकों में शामिल अशोक नगर में बीती रात राजधानी के दो बड़े बिल्डरों के घरों में चोरी का प्रयास किया गया. हालांकि चोर एनके कंस्ट्रक्शन के मालिक निशित केसरी के घर पर चोरी करने में असफल रहे. इसी दौरान केसरी के बॉडीगार्ड के द्वारा उसी के एके-47 से गोली चल गई, जिससे वह घायल हो गया.
दूसरी तरफ रांची के बड़े बिल्डर अखिलेश पांडे के अशोक नगर स्थित आवास में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. अज्ञात नकाबपोश चोर कारोबारी अखिलेश पांडे के घर में पाइप के सहारे दाखिल हुए और घर में रखी कीमती ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया. चोरी के बाद आरोपी पाइप के रास्ते से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया.
सूचना मिलते ही रांची पुलिस के कई अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी चोरों ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो पाई है. हालांकि पूरी वारदात घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.

