रांची। झारखंड में श्रमिक संगठनों को मजबूत करने और श्रमिकों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने के उद्देश्य से कंफेडरेशन ऑफ फ्री ट्रेड यूनियन्स ऑफ इंडिया (CFTUI) की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 2 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों और अलग-अलग सेक्टर से आए श्रमिक नेताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में CFTUI के राष्ट्रीय टेक्निकल कोऑर्डिनेटर सुरेश प्रसाद और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजित मिश्रा ने श्रमिक नेताओं को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, नेतृत्व क्षमता विकास और संगठन विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने बताया कि जमीनी स्तर पर श्रमिकों के बीच मजबूत संपर्क स्थापित कर संगठन को व्यापक बनाया जा सकता है। साथ ही श्रमिकों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से संबंधित मंचों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
HEC के श्रमिकों की समस्याओं पर हुई चर्चा
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC), रांची से जुड़े श्रमिकों और कर्मचारियों की समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। HEC की मौजूदा स्थिति, रोजगार, कार्यस्थल से जुड़े मुद्दों और श्रमिक हितों की रक्षा में ट्रेड यूनियनों की भूमिका पर विचार-विमर्श हुआ। राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने HEC से जुड़े श्रमिक मुद्दों को संगठित तरीके से संबंधित मंचों पर उठाने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर CFTUI झारखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष जुम्मन खां ने संगठन की ओर से किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने संगठन विस्तार, विभिन्न क्षेत्रों के श्रमिकों को जोड़ने और उनकी समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर
कार्यक्रम में CFTUI झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष जुम्मन खां, प्रदेश समन्वयक मृगेन्द्र सिंह, बबलू सिंह एवं मंजू देवी, प्रदेश सचिव शैलेश नंद तिवारी एवं जितेन्द्र श्रीवास्तव तथा प्रदेश सहायक समन्वयक हरेंद्र सिंह कुशवाहा, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल उपाध्यक्ष रजाक बक्स समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से सरिता देवी, अनिता सिंह, जीत मंडल, शिवाकांत पाण्डेय, पवन सिंह, ब्रजेश पाण्डेय, अनुयम शुक्ला, रोहित लोहरा, धर्मेन्द्र मांझी, कृष्णा वर्मा, गणेश कुमार, प्रकाश कुमार, शीला देवी, नीलम गुप्ता और लगनी देवी समेत कई श्रमिक नेताओं ने प्रशिक्षण में भाग लिया।
इस दौरान श्रमिक संगठनों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, अधिक से अधिक श्रमिकों को संगठन से जोड़ने और नियमित श्रमिक संपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
CFTUI झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि प्रशिक्षित, सक्रिय और जिम्मेदार नेतृत्व के माध्यम से श्रमिकों की समस्याओं को प्रभावी मंच मिल सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक क्षमता को बढ़ाना और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए नेताओं को तैयार करना है।

