धनबाद समेत पूरे झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसरों की संविदा पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है. नियुक्ति पूरी तरह संविदा आधारित होगी और अभ्यर्थियों का चयन विज्ञापन में निर्धारित नियम एवं शर्तों के अनुसार किया जायेगा.
8 अक्तूबर से शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञापन के अनुसार नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आठ अक्टूबर से शुरू होगा. इच्छुक अभ्यर्थी 31 अक्तूबर 2026 तक आवेदन जमा कर सकेंगे. आवेदन केवल विभाग की ओर से निर्धारित भर्ती पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किये जायेंगे.
एमबीबीएस के साथ पीजी डिग्री या डिप्लोमा जरूरी
इन पदों पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी के पास एमबीबीएस की डिग्री होना अनिवार्य है. इसके साथ ही एनएमसी से मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित विशेषज्ञता में पीजी डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए. अभ्यर्थी का संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी जरूरी होगा.
13 प्रमुख विशेषज्ञताओं में होगी नियुक्ति
संविदा पर होने वाली इस भर्ती में कई प्रमुख मेडिकल विशेषज्ञताओं को शामिल किया गया है. इनमें एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, इएनटी, फोरेंसिक मेडिसिन, ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी, ऑप्थल्मोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, मेडिसिन, साइकियाट्री, रेडियोलॉजी और सर्जरी शामिल हैं.
64 वर्ष तक के डॉक्टर कर सकेंगे आवेदन
विज्ञापन के अनुसार 31 अक्तूबर 2026 को अभ्यर्थी की न्यूनतम उम्र 23 वर्ष और अधिकतम उम्र 64 वर्ष होनी चाहिए. निर्धारित आयु सीमा के भीतर आने वाले और अन्य पात्रता शर्तें पूरी करने वाले डॉक्टर आवेदन कर सकेंगे.
राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में होगी पोस्टिंग
चयनित नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसरों की पोस्टिंग राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में की जायेगी. विज्ञापन के एनेक्सर-1 में पोस्टिंग के लिए निर्धारित स्थानों का विवरण दिया गया है. नियुक्ति और पदस्थापन विभाग द्वारा निर्धारित नियम एवं शर्तों के अनुसार होगा.

