Dhanabd: जिले का कुख्यात इलाका वासेपुर सोमवार को एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला उठा. वासेपुर के भुली मोड़ के समीप बेखौफ अपराधियों ने सरेराह अंडा कारोबारी शानू खान और उनके भाई फहीम खान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस जानलेवा हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह शानू खान और उनके भाई फहीम खान रोजमर्रा की तरह अपने कारोबार के सिलसिले में भुली मोड़ के पास मौजूद थे. इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया और अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के बाजार में भगदड़ मच गई. दोनों भाइयों को गोली लगने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहे.

