रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र का असर राज्य के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। मौसम विभाग ने इस दौरान कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 10 सितंबर को राज्य के 11 जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इनमें रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं।
इन जिलों में रहने वाले लोगों को बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर वज्रपात की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की जरूरत है।
अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों के अलावा झारखंड के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड में मौसम संबंधी गतिविधियां बढ़ी हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
इन 11 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
- रांची
- रामगढ़
- खूंटी
- चतरा
- हजारीबाग
- कोडरमा
- बोकारो
- धनबाद
- गिरिडीह
- देवघर
- जामताड़ा

