गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गिरिडीह पहुंचे और हरसिंहरायडीह स्थित दिवंगत मंत्री के आवास पर जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया और उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उनका जाना झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व को खो दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत सुदिव्य कुमार के योगदान और उनकी सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से झारखंड की राजनीति में गहरा शोक व्याप्त है। उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों में भी शोक की लहर है।

