नेपाल के त्रिशूली 3-ए हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में 9 दिनों तक फंसने के बाद ज़िंदा निकाले गए संजय शाह के पिता रामफल शाह ने कहा है कि उनके परिवार में ख़ुशी का माहौल है.
उन्होंने बीबीसी को बताया, “ऐसा लग रहा है जैसे मैं उससे दोबारा मिलने वाला हूं, मेरे सीने में जैसे आग जल रही हो. वह बहुत दर्द में था, उसकी मां बेहोश थी.”
उन्होंने कहा, “हम सुबह घर पर थे जब संजय के बचने की ख़बर आई. हमने अपने मोबाइल फोन पर तस्वीरें और वीडियो देखे. हम पर ईश्वर की कृपा थी.”
शाह ने कहा कि उनके भाई और परिवार के सदस्य काठमांडू के लिए रवाना हो रहे हैं.
त्रिशूली 3-ए हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में फंसे दो लोगों को ज़िंदा बचा लिया गया है.
नेपाल विद्युत प्राधिकरण के जॉइंट मैनेजर सुरेश राउत ने बीबीसी न्यूज़ नेपाली से इसकी पुष्टि की है.
सबसे पहले बचाए गए व्यक्ति संजय शाह हैं. वह परियोजना में मैकेनिकल फोरमैन हैं.
राउत के मुताबिक़, दूसरे व्यक्ति मैकेनिकल सुपरवाइजर कबीर महर्जन हैं.

