रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्मार्ट सिटी की तर्ज पर राज्य के अन्य शहरों में सैटलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए संबंधित जिलों में उपलब्ध भूमि, आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी, नागरिक सुविधाओं, रोजगार की संभावनाओं तथा भविष्य की आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। हेमंत सोरेन गुरुवार को ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (ज्रेडा) और रांची स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत भूमि से संबंधित विभिन्न विषयों पर समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में सुनियोजित शहरी विकास, भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरों के विस्तार और आधुनिक शहरी आधारभूत संरचना के विकास को लेकर योजना बनाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शहरीकरण को केवल भवनों और सड़कों के निर्माण तक सीमित न रखते हुए नागरिक-केंद्रित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाना चाहिए। राज्य में ऐसे आधुनिक, सुव्यवस्थित और टिकाऊ शहरी केंद्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाए, जहां लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध हों।
स्मार्ट सिटी रांची का भविष्य में विस्तार की कार्ययोजना पर चर्चा
सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि रांची स्मार्ट सिटी के वर्तमान स्वरूप और उपलब्ध संसाधनों का आकलन करते हुए भविष्य में इसके विस्तारीकरण की संभावनाओं पर भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी, आर्थिक गतिविधियों और शहरी आवश्यकताओं को देखते हुए शहर के दीर्घकालिक एवं संतुलित विकास की दिशा में अभी से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाना आवश्यक है। बैठक में इस क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए भविष्य में हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के साथ भूमि और अन्य विषयों को लेकर वार्तालाप किए जाने के संबंध में भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी संबंधित पहलुओं का अध्ययन कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

