राजधानी रांची के चार परीक्षा केंद्रों पर NEET-PG 2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी. 30 अगस्त को होने वाली इस परीक्षा के मद्देनजर सभी एग्जाम सेंटर के आसपास 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है. निषेधाज्ञा 30 अगस्त की सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्रभावी रहेगी. जिला प्रशासन के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर असामाजिक तत्वों के भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
रांची के इन चार परीक्षा केंद्रों में NEET-PG 2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी.
- RTCIT: राम टहल चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, आनंदी, ओरमांझी ब्लॉक चौक
- Arunima Technical Services: प्रगति पथ, रोड नंबर-6, सामलोंग, लोअर चुटिया
- iQube Digital: मेदांता अस्पताल के पास, कैफेटेरिया बिल्डिंग, इरबा
- Oxford Public School: ओल्ड एचबी रोड, प्रगति पथ, रांची
परीक्षार्थी किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए अपने परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग समय से कम से कम 45 मिनट पहले पहुंचें. और अपने साथ एडमिट कार्ड और एक मूल सरकारी फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड/पैन कार्ड/ड्राइविंग लाइसेंस) जरुर रखें. परीक्षा हॉल के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की सख्त मनाही है

