झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस के मंत्रियों और विधायकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान सभी नेताओं ने 17 अगस्त को आयोजित कैबिनेट की विशेष बैठक में छात्र हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार ने विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। विशेष रूप से TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने के निर्णय से प्रभावित छात्रों को राहत मिलेगी और उनके भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता दूर होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं के हितों और जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेताओं के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लेती रही है और आगे भी यही प्रतिबद्धता बनी रहेगी।

मुलाकात के दौरान राज्य में संचालित विकास योजनाओं, जनहित के मुद्दों और छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, रामेश्वर उरांव, प्रदीप यादव, कुमार जयमंगल, राजेश कच्छप, रामचंद्र सिंह, नमन विक्सल कोनगाड़ी, भूषण बाड़ा, ममता देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

