रांची: झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर बुधवार को झारखंड विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक में आगामी 6 अगस्त 2026 से शुरू होने वाले मॉनसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण, सार्थक और व्यवस्थित ढंग से चलाने में सकारात्मक सहयोग देने की अपील की।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
माना जा रहा है कि मॉनसून सत्र के दौरान राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विधेयकों, नीतिगत फैसलों और जनहित के मुद्दों पर सदन में चर्चा होगी। ऐसे में सत्र के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए आयोजित यह सर्वदलीय बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

