रांची: झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने वाले आदिवासी महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। इसी क्रम में गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती वंदना दादेल ने बुधवार को रांची के मोराबादी मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती दादेल ने आयोजन स्थल पर चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा आगंतुकों की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आयोजन राज्य की सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप भव्य एवं सुव्यवस्थित होना चाहिए।
अपर मुख्य सचिव ने मंच निर्माण, प्रदर्शनी एवं बिक्री स्टॉल, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि महोत्सव का सफल और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही आयोजन स्थल पर सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, TRI के निदेशक आलोक एस. कच्छप, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

