Ranchi : झारखंड पंचायत सहायक संघ आज ( 5 अगस्त) को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे. मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को लेकर विभिन्न जिलों से पंचायत सेवकों का आना शुरु हो गया है.
पंचायत सेवकों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट है. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है, ताकि संघ के सदस्य सीएम हाउस तक न पहुंच पाये. अगर आप आज मोरहाबादी मैदान की तरफ से गुजरने वाले हैं, तो एक बार रूट चेक कर लें. क्योंकि इस घेराव कार्यक्रम की वजह से सड़कें जाम रह सकतीं हैं.
संघ का कहना है कि पंचायत सहायकों की मांग पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है. इस कारण पंचायत सहायक आंदोलन करने को मजबूर हैं. संघ के पंचायत अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने एक बयान में दावा किया है कि राज्य भर से बड़ी संख्या में पंचायक सहायक रांची पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री आवास घेराव में शामिल होंगे.
प्रमुख मांगें
– 2500 रुपया के मानदेय को बढ़ाया जाये.
– हर साल ग्राम सभा से अनुमोदन की प्रक्रिया खत्म हो.
– पंचायत सहायकों को पंचायत सचिव पद में 70 प्रतिशत आरक्षण मिले.
– सेवा के दौरान किसी की मौत होने पर उसके आश्रित की नियुक्ति की जाये.
– पंचायत सहायकों के लिए हेल्थ इंश्योरेंस लागू किया जाये.
– पंचायत सहायकों के लिए दुर्घटना बीमा शुरु की जाये.
– सहायकों के लिए राज्यस्तरीय मोनिटरिंग सेल का गठन किया जाये.

