रांची: रांची जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर एन्यूमरेशन फॉर्म भरवा रहे हैं। इस बीच रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि जब BLO उनके घर पहुंचे तो वे पूरा सहयोग करें और फॉर्म में सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या अधूरी जानकारी रहती है तो भविष्य में मतदान के दौरान मतदाताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाए।
उन्होंने बताया कि एन्यूमरेशन फॉर्म भरते समय नाम, पिता या पति का नाम, आयु, पूरा पता, मोबाइल नंबर सहित सभी आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज किए जाएं। फॉर्म जमा करने से पहले एक बार सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच अवश्य कर लें ताकि किसी भी प्रकार की गलती की संभावना न रहे।
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट कहा कि गलत, अधूरी या भ्रामक जानकारी देने से मतदाता सूची में त्रुटियां हो सकती हैं, जिसका असर मतदान के अधिकार पर भी पड़ सकता है। इसलिए सभी मतदाता पूरी जिम्मेदारी के साथ सही जानकारी उपलब्ध कराएं और BLO को आवश्यक दस्तावेज एवं सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को पूरी तरह स्वच्छ, सटीक और विश्वसनीय बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।
उपायुक्त ने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और मीडिया से भी इस जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।

