झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र से अंधविश्वास से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गुरतुर गांव में शुक्रवार को एक महिला ने 65 वर्षीय बुजुर्ग की टांगी से हमला कर हत्या कर दी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला को शक था कि बुजुर्ग ओझा-गुणी और टोना-टोटका के जरिए उसके परिवार को नुकसान पहुंचा रहे थे. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को मौके से ही हिरासत में ले लिया.
जानकारी के अनुसार, मृतक केशव राम अपने घर के बाहर बैठे हुए थे. इसी दौरान गांव की रहने वाली सुनीता कुमारी वहां पहुंची. दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी. आरोप है कि महिला अचानक टांगी लेकर आई और बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से केशव राम की मौके पर ही मौत हो गई.
हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला घटनास्थल से फरार नहीं हुई, बल्कि वहीं बैठी रही. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के पुत्र संजय राम ने आरोप लगाया कि जब उनके पिता पर हमला किया जा रहा था, उस समय आसपास कई ग्रामीण मौजूद थे, लेकिन किसी ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की. उनका कहना है कि यदि लोग समय रहते हस्तक्षेप करते, तो शायद उनके पिता की जान बचाई जा सकती थी.

